इटावा। शहीद मारून सिंह लोधी की स्मृति में शनिवार से दो दिवसीय चंबल कबड्डी लीग शुरू हुई। पहले दिन कई टीमों ने दमखम दिखाया। महिला कबड्डी क्लब औरैया टीम ने मैच जीत लिया।
चंबल परिवार संस्था की ओर से लीग का आयोजन लाल सेना स्मारक परिसर में कराया गया है। इसका शुभारंभ शहीद मारून सिंह लोधी के गांव पालीधार निवासी उनके वंशजों ने किया। यहां पौधरोपण कर उनकी यादों को जीवंत रखा जाएगा। पहला मैच नागा जी क्लब मोरेना मध्यप्रदेश और औरैया क्लब उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया। इसे नागा क्लब ने 35 प्वाइंट से जीत लिया। दूसरा मैच इटावा क्लब व भगत सिंह अकादमी भिंड के बीच हुआ। इसमें भगत सिंह क्लब की टीम विजेता बनी।
तीसरा मैच लोहिया क्लब और शेरा क्लब के बीच कराया गया। 60 प्वाइंट से लोहिया क्लब ने जीत दर्ज की। महिला कबड्डी क्लब औरया ने महिला कबड्डी का मैच जीता। डॉ. शलभ परिहार, डॉ. कमल कुमार कुशवाहा, राजाराम राजपूत, राहुल भदौरिया उपस्थित रहे। संचालन चंद्रोदय सिंह चौहान ने किया। चंबल कबड्डी लीग के संस्थापक डॉ. शाह आलम राना मौजूद रहे।