ताखा। पुलिया पर डिवाइडर से बाइक टकराने के बाद उछलकर पुरहा नदी में गिरी महिला का शव तीसरे दिन एसडीआरएफ टीम ने तलाश लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
औरैया के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला बांस गांव निवासी राजेश कुमार शाक्य रविवार को बाइक से पत्नी को लेकर इटावा डॉक्टर को दिखाने आ रहे थे। भरथना ऊसराहार मार्ग पर पुरहा नदी पुलिया पर साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में रंजना नदी में जा गिरी थीं। मंगलवार को महिला की तलाश में एसडीआएफ सहित तीन टीमें लगी थीं। दोपहर में घटनास्थल से दो किलोमीटर आगे नगला खलक के पास काटों में महिला का शव फंसा मिला।