भरथना। साहब कई माह से तहसील से लेकर मुख्यालय तक अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को समाधान दिवस में कब्जे की शिकायत करने पहुंची विमला देवी डीएम के सामने ये कहते-कहते रोने लगीं। डीएम ने उन्हें जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
तहसील दिवस में डीएम अवनीश राय को विमला देवी पत्नी गिरीश नारायण ने शिकायती पत्र दिया। बताया कि ग्राम तुर्कपुरा पीपरीपुर में उसका खेत है। इस पर काफी समय से पांच लोग कब्जा किए हैं। कई बार शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की।
वहीं जबरपुरा गांव के पूर्व प्रधान प्रमोद यादव ने गांव में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनाई गई रोड किनारे नाली बनाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। मोहल्ला मोतीगंज के प्रमोद कुमार ने कैंसर पीड़ित बेटी के इलाज के लिए शासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार की।
विरौधी गांव की कमला देवी ने पैतृक भूमि पर कब्जा रोकने, कुशगवां अहिरान के प्रधान राजेश कुमार ने खेल मैदान की पैमाइश व सीमांकन कराने, मोहल्ला अनवरगंज के राजा ने दुकान खाली कराने की गुहार लगाई। कुल 82 फरियादी आए।
उधर, इकदिल के भुआपुर दीनारपुर के लोगों ने राशन डीलर का चुनाव रद कराने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। समाधान दिवस के दौरान सीडीओ प्रणता ऐश्वर्या, डीडीओ दीन दयाल, सीएमओ डॉ. गीताराम, एसडीएम कुमार सत्यमजीत, तहसीलदार अशोक कुमार, सीओ विजय सिंह, ईओ विनय मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
सड़क निर्माण में बाधा की शिकायत
ताखा। तहसीलदार प्रभातराय की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इसमें कुल 11 शिकायतें आईं। 12 लोगों ने भरतपुर कलां में नाली व सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालने की शिकायत की। नायब तहसीलदार ने क्षेत्रीय लेखपाल को जल्द मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। (संवाद)
24 शिकायतों में सिर्फ एक का निस्तारण
जसवंतनगर। तहसील सभागार में एसडीएम न्यायिक की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 24 शिकायतें आईं। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्राम भतोरा के अवद बिहारी ने अपने हिस्से की भूमि पर कब्जा दिलाने की गुहार लगाई।
ग्राम नगला महासुख के अनुराग सिंह ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि अगस्त में बारिश के कारण तीन खंभे टूट गए थे, जो सही नहीं हुए हैं। ग्राम खेड़ा बुजुर्गों के महावीर प्रसाद ने बताया कि गांव के कुछ लोग उसकी जमीन जोत रहे हैं। ग्राम सिसहाट की प्रधान ज्ञान देवी तथा ग्रामीणों ने बिलासपुर गांव में जगह-जगह जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की। सीओ अतुल प्रधान, बीडीओ प्रतिभा शर्मा आदि मौजूद रहे। (संवाद)