बकेवर। चिंडोली गांव की एक महिला की प्रसव के दौरान हालत बिगड़ने लगी। उसे सैफई रेफर कर दिया गया। वहां प्रसव के बाद उपचार के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गई।
लवेदी थाना क्षेत्र के चिंडोली निवासी श्याम सुंदर की पत्नी नीरज गर्भवती थी। पीड़ा होने पर परिजन उसे प्रसव के लिए महेवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। महिला की हालत देखकर सीएचसी से डाॅक्टरों ने नीरज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की स्थिति गंभीर होने पर उसे पीजीआई सैफई भेज दिया गया।
पीजीआई में ऑपरेशन से महिला को बच्चा हुआ लेकिन प्रसव होने के बाद भी अधिक खून बहने से जच्चा-बच्चा की हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। नीरज के पहले से तीन बच्चे हैं। सूचना मिलने पर लवेदी थाना पुलिस ने जच्चा-बच्चा का पोस्टमार्टम कराया।
लवेदी थानाध्यक्ष विश्वनाथ मिश्रा ने बताया कि किसी की ओर से शिकायत नहीं की गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. गौरव त्रिपाठी ने बताया कि गर्भवती को गंभीर हालत में ही लाया गया था।