चकरनगर (इटावा)। पति से विवाद के बाद पत्नी घर से शौच का बहाना बना कर बच्ची को लेकर चली गई। काफी देर तक न लौटने पर पति ने तलाश की तो पता चला कि वह एक बाइक पर बैठकर चली गई। इससे नाराज पति घर लौटा और रस्सी से फंदा लगा लिया। तभी परिजनों की निगाह पड़ गई तो फंदा काटकर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे व मोटर बोट से चंबल नदी में तलाश कर रही है।
सहसों गांव निवासी नारायण यादव पुत्र शिव सिंह का पत्नी रोली से मोबाइल को लेकर शुक्रवार शाम विवाद हो गया। इस बात से नाराज पत्नी रोली अपनी तीन वर्ष की बच्ची को लेकर शौच के बहाने चंबल पुल की तरफ चली गई। अस्पताल में भर्ती पति के मुताबिक, खोजबीन के दौरान लोगों ने बताया कि एक महिला चकरनगर की तरफ से आए दो बाइक सवारों के साथ बच्ची लेकर चली गई।
पुलिस ने तलाशी के दौरान चंबल पुल के पास से महिला का मोबाइल फोन व लोटा बरामद कर लिया है। महिला व बच्ची की तलाश में पुलिस मोटर वोट के जरिए चंबल नदी खंगाल रही है और पति की निशानदेही पर चकरनगर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। लेकिन पुलिस को महिला के बाइक पर जाने का कोई सबूत नहीं मिला है। सहसों थाना प्रभारी विष्णु कांत तिवारी ने बताया कि नारायण युवक ने फंदा लगाया था। तुरंत उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार है। महिला का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।