इटावा। पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चौपुला कट के पास एक होटल के बाहर खड़े शराब लदे ट्रक को पकड़ लिया। इसमें लहसुन की बोरियों के नीचे दबी करीब 70 लाख की हरियाणा ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है जबकि उसके दो साथी फरार हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि रविवार रात पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही थी। सूचना मिली कि हरियाणा से अवैध रूप से ट्रक में तस्करी कर शराब बिहार ले जाई जा रही है। ट्रक चौपुला कट के पास एक होटल के बाहर खड़ा है। इस पर पुलिस ने आबकारी टीम के साथ दबिश देकर ट्रक पकड़ लिया। तलाशी में लहसुन की बोरियों के नीचे 615 पेटी शराब बरामद हुईं।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए ट्रक चालक का नाम तागा राम निवासी गीडा जिला बाड़मेर राजस्थान है। उसने बताया कि वह करीब एक साल से तस्करी कर शराब बिहार ले जाता था। वह ट्रक लेकर वाराणसी पहुंच गया था, तभी ट्रक मालिक ने फोन कर उसे वापस जाने के लिए कहा। इस दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
टीम में चौबिया थाना प्रभारी गोविंद हरि वर्मा, सैफई थाना प्रभारी यशवंत सिंह, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, लोकेश कुमार सैनी, पवन कुमार शर्मा, सोमेश, जगवीर व आबकारी निरीक्षक जगदंबिका शामिल रहे। एसएसपी ने टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
31 मार्च को बसरेहर में पकड़ी गई थी 25 लाख की शराब
31 मार्च की रात बसरेहर पुलिस ने लोहिया पुल के पास से दो कारों को पकड़ा था। इनमें 25 लाख की अंग्रेजी ब्रांड की शराब बरामद हुई थी। शराब राजस्थान की थी। पुलिस ने हरियाणा के तीन लोगों को पकड़ा था। आरोपियों ने बताया था कि वह राजस्थान और हरियाणा से सस्ती शराब लेकर उसे बिहार में महंगे दामों पर बेचते थे। इन लोगों से की गई पूछताछ के बाद पुलिस के हाथ अहम जानकारी लगी। सूत्रों के अनुसार इसके बाद ही पुलिस तस्करी की तह तक जाने में जुटी थी। रविवार रात ट्रक पकड़ा गया।