इटावा। जिंदगी खतरे में डालकर कार-बाइक पर स्टंटबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा ही एक मामला आगरा-कानपुर हाईवे पर सामने आया है। दो लक्जरी कारों में सवार युवा तेज रफ्तार कार में स्टंट करते दिखे। इनका वीडियो वायरल हुआ तो इटावा पुलिस ने 29 हजार और औरैया पुलिस ने 35 हजार का चालान कर दिया।
आए दिन कहीं न कहीं से स्टंट करते युवाओं के वीडियो सामने आ रहे हैं। यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहे हैं। अब इटावा से एक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो सात-आठ दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार कार में स्टंट करते दिख रहे हैं। यह लोग खिड़की पर बैठकर मौज-मस्ती करते दिखे।
यह वीडियो जब एसएसपी संजय कुमार वर्मा तक पहुंचा तो उन्होंने इसकी जांच कराई। एक कार इटावा और दूसरी औरैया जिले की निकली। कार सवार इटावा से स्टंट करते हुए अनंतराम टोल प्लाजा पार कर औरैया तक गए। इसके बाद एसएसपी ने दो कारों के नबंरों के आधार पर इनका चालान करने के निर्देश दिए। टीएसआई सूबेदार सिंह ने दोनों कारों पर 14500-14500 रुपये का चालान काटा। इस मामले की जानकारी औरैया एसपी को भी दी गई। इसके बाद औरैया की यातायात पुलिस ने भी दोनों कारों पर 35 हजार का चालान किया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि वीडियो में दिख रही कारों की पहचान करवाई और तुरंत उनके खिलाफ चालान काटा गया। वहीं, युवकों को सख्त हिदायत दी गई है और कहा गया है कि दोबारा ऐसा करने पर उनके खिलाफ गंभीर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि कार सुरक्षित चलने के लिए है न कि स्टंट करने के लिए है। युवक जिस तरह से हरकत कर रहे थे इससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। परिजनों को भी इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वह कार देने से पहले अपने बच्चों को सुरक्षित गाड़ी चलाने के लिए सचेत करें। इस तरह की हरकत से युवकों ने खुद के साथ ही सड़क पर चलने वाले दूसरे राहगीरों की भी जिंदगी को खतरे में डाला है।