इटावा। चलती कार के बोनट पर बैठकर एक युवक को वीडियो (रील्स) बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। एसएसपी के आदेश पर यातायात पुलिस ने 13 हजार रुपये का चालान घर भेजा है।
युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित सफारी पार्क के पास रोड पर चलती कार के बोनट पर बैठकर युवक ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। किसी ने युवकी की वीडियो पुलिस को ट्वीट करके शिकायत कर दी।
शिकायत करने पर पुलिस ने संज्ञान लेते कार के नंबर से शनि यादव निवासी शिवा नगर नई मंडी थाना फ्रेंड्स कॉलोनी का 13 हजार रुपये का चालान कर दिया। एसपी सिटी कपिल देव ने बताया कि यह वीडियो लायन सफारी के बाहर रोड का है।
जिसका युवक का वीडियो वायरल हो रहा था जो कि चलती कार के बोनट पर बैठा हुआ है। जबकि दूसरा युवक कार को चला रहा है। इसी क्रम में खतरनाक ढंग से वाहन चलाने का चालान किया गया है। एसपी सिटी ने बताया कि हाईवे पर किसी वाहन को रोकना और इस तरह का वीडियो बनाना गैरकानूनी है। किसी स्थान विशेष पर वीडियो बनाने के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी है।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा पखवाड़ा में जगह-जगह वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है जिसमें 80 वाहनों को चेक किया गया था। इस दौरान 15 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चला रहे थे जिनके खिलाफ भी नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई है।