जसवंतनगर। कोठी कैस्त स्थित ब्राइटेंड एजुकेशनल कॉलेज में वार्षिकोत्सव के दौरान भारत विकास परिषद की मुख्य शाखा ने विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसमें छात्र-छात्राओं ने वैज्ञानिक क्षमता का प्रदर्शन किया। सोलर सिस्टम मॉडल के लिए उमंग को प्रथम पुरस्कार मिला।
प्रदर्शनी का शुभारंभ ब्रायटेंड स्कूल के अध्यक्ष रामधन धनगर, प्रबंधक सुरेंद्र धनगर तथा भाविप मुख्य शाखा के सचिव डा स्वराज्यप्रकाश श्रीवास्तव ने किया। छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी में 75 मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें स्मार्ट सिटी, सोलर सिस्टम, पवनचक्की, वाटर बाइक, रूम हीटर, रॉकेट लांचर आदि के मॉडल खूब सराहे गए।
निर्णायक मंडल के प्रदीप यादव ने छात्र उमंग को सोलर सिस्टम मॉडल के लिए प्रथम पुरस्कार, कृष्णा मिश्रा को मोटरसाइकिल के लिए द्वितीय और देव शर्मा को सिक्योरिटी सिस्टम के मॉडल के लिए तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। छात्रों ने गीत-संगीत नृत्य प्रस्तुत किया। पृथ्वी बचाओ उपचारात्मक शिक्षण समेत अन्य विषयों पर पोस्टर प्रदर्शित किए। भाविप मुख्य शाखा के सचिव ड़ा. स्वराज प्रकाश श्रीवास्तव, संचालक राजीव माथुर व मधुर श्रीवास्तव ने विज्ञान प्रदर्शनी के आयोजन को छात्रों की कल्पनाशीलता को प्रदर्शित करने का माध्यम बताया।
भाविप तुलसी शाखा इटावा की अध्यक्ष अंजू चौधरी, मंजू सिंह, प्रदीप बबलू शाक्य, डॉ स्वराज श्रीवास्तव ,मधुर श्रीवास्तव, रामवीर सिंह, शिवाकांत जैन आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव गुप्ता ने किया।
ऑल इन वन कंपटीशन विजेता सुजाता को मिली साइकिल
गत 25 फरवरी को कॉलेज में आयोजित ऑल इन वन कंपटीशन की विजेता सुजाता को पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शाक्य बबलू, रामवीर यादव, सुरेश पाल ने साइकिल प्रदान की। द्वितीय स्थान पर रही अनुष्का व अंशुल को दो-दो हजार रुपये प्रदान किए गए। तृतीय स्थान पाने वाले आदित्य व ईशु को 1-1 हजार रुपये, प्रमाण पत्र व शील्ड प्रदान की गई।