भरथना (इटावा)। घर में रखे कूलर के करंट की चपेट में आने से दो सगी बहनों की जान चली गई। बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बदहवास मां का कहना है कि उसे पता होता कि करंट आ रहा है तो कूलर के पास नहीं जाने देतीं।
क्षेत्र के झिंदुआ में सोमवार शाम को गांव निवासी रिंकू के घर के बाहरी हिस्से में बने मंदिर में रखे कूलर के पास उसकी बेटियां तान्या (10) और मान्या (8) खेल रही थीं। तभी तान्या कूलर में आ रहे करंट की चपेट में आ गई और उसकी चीख निकलने से मान्या ने उसे बचाने की कोशिश में पकड़ लिया। इससे वह भी करंट की चपेट में आ गई।
बच्चियों को करंट लगता देख मां ज्योति ने कूलर का प्लग हटाया और आनन-फानन परिजन दोनों को सैफई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन दोनों का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव घर ले गए। दो बेटियों को खोने के बाद उसकी मां ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चियों के पिता रिंकू खेतीबाड़ी करते हैं।