कमियां मिलने पर दो प्रधानाध्यापक निलंबित
इटावा। सीडीओ ने शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान दो स्कूलों में कमियां मिलने पर दो स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को रविवार को निलम्बित कर दिया है। इनमें प्राथमिक विद्यालय मितरोल के प्रधानाध्यापक की कई शिकायतें मिलने के अलावा साफ सफाई भी नहीं थी। इस पर प्रधानाध्यापक को निलंबित किया।
दूसरी ओर कम्पोजिट विद्यालय सहसों के निरीक्षण में निर्माण कार्य में कमियां मिलने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। बीएसए शैलेष कुमार ने बताया है कि विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर निलम्बन की कार्रवाई की गई है। (संवाद)
...............................................................................
धर्मार्थ शिविर में दो सैकड़ा से अधिक ने स्वास्थ्य लाभ लिया
इटावा। जायण्ट्स ग्रुप ऑफ दतावली ने रविवार को भरथना चौराहा स्थित एक क्लीनिक पर धर्मार्थ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। डॉ. शिवराज सिंह यादव ने शिविर में आए रोगियों का चिकित्सकीय परीक्षण करके निशुल्क परामर्श एवं दवा वितरित की। उन्होंने रोगों से बचाव के लिए योग प्राणायाम का रोजाना अभ्यास करने की सलाह दी।
संयोजक ऊषा यादव ने बताया शिविर में डेंगू, चिकुनगुनिया, टाईफाइड आदि बुखार, उदर रोग, हृदय रोग, गुप्त रोग, त्वचा रोग, जोड़ो के दर्द, डायबिटीज, पथरी, फेफड़े के रोग, मिर्गी, माइग्रेन, चक्कर आदि से करीब दो सैकड़ा रोगी आए। जन्मजात होंठ, तालु, की विकृतियों के रोगियों को मुफ्त प्लास्टिक सर्जरी की सुविधा मुहैया कराने के लिए आगरा रेफर किया गया। शिविर में संगीता तिवारी, आशा अवस्थी, ललित सक्सेना, कृष्णा शर्मा, राखी मित्तल, रीना यादव, बलराज गर्ग, संजय कुमार अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। (संवाद)