इकदिल। थाना पुलिस ने दो बकरी चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उनके पास से दो चोरी की बकरी और चार हजार रुपये भी बरामद हुए।
सूखाताल निवासी विनोद कुमार ने 21अगस्त को थाने में मामला दर्ज कराया था जिसमें बताया था कि उसके घर के बाहर बंधी सात बकरियां चोर चोरी कर ले गए। इसी थाना क्षेत्र के गांव उधन्नापुरा के मड़ैया किकयानी के रहने वाले चंद्रप्रकाश ने प्रार्थना पत्र देकर चोरों के खिलाफ दो बकरियां चोरी करने का मामला दर्ज कराया था। बताया था कि आठ सितंबर को चोर उसकी दो बकरियां चोरी कर ले गए थे। चोरी के मामले सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही थी। मंगलवार को इकदिल ओवरब्रिज के नीचे साढ़े नो बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम थाना लवेदी के गांव निहाल सिंह का मुकेश कुमार, दूसरा औरैया जिले के थाना फफूंद के गांव चडरऊआ का योगेश कुमार बताए। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि चोरों के पास से चोरी की हुई दो बकरियां और चोरी की बकरी बेचने से आए चार हजार दो सौ रुपये बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।