इटावा। शहर में एक युवती ने नकली पिस्टल के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। किसी शरारती तत्व ने वीडियो में दिख रही नकली पिस्टल को असली बताकर मैनपुरी पुलिस को ट्वीट कर दिया। मैनपुरी पुलिस के छानबीन के बाद पता चला कि पिस्टल नकली है। जिसके बाद इटावा पुलिस ने जांच के बाद एक्स पर ट्वीट कर नकली पिस्टल होने की जानकारी दी।
मैनपुरी हाल पता फ्रेंड्स कॉलोनी शिवानी यादव उर्फ अश्वि यादव फिल्मी गानों पर रील्स बनाती हैं। शिवानी ने समाजवादी पार्टी का झंडा लगी कार के सामने खड़े होकर नकली पिस्टल के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। जिसपर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देने लगे और मैनपुरी पुलिस को असली पिस्टल बताकर एक्स पर ट्वीट कर दिया। वीडियो की जांच में पुलिस को पता चला कि यह वीडियो इटावा के फ्रेंड्स काॅलोनी इलाके में बनाया गया है। जिस युवती ने पिस्टल के साथ वीडियो बनाया है उसकी पहचान यू-ट्यूबर अशवी यादव के रूप में हुई है। इसके बाद अश्वि ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर नकली पिस्टल होने की वीडियो अपलोड की। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र की है। जांच में पाया गया कि वायरल वीडियो में दिख रही पिस्टल लाइटर गन है।