(फोटो संख्या 16) कार्यालय के बाहर ग्रामीणों की बात सुनते एसएसपी। संवाद
ग्रामीणों ने गांव में तैनात पुलिसकर्मियों पर लगाया आरोप,दबंग लोगों का दे रहे साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। थाना चौबिया क्षेत्र के भदियापुरा राहिन गांव के करीब 15 से अधिक ग्रामीणों ने दबंगों से तंग आकर एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि दबंग अपने घरों पर खुद ही पत्थर फेंककर उनपर पत्थरबाजी का आरोप लगा रहे हैं। मंगलवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा से मिलने पहुंचे भदियापुर राहिन गांव के ग्रामीणों ने कार्यालय के बाहर एसएसपी से मिलकर शिकायती पत्र दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ लोग उनके व उनकी महिलाओं के साथ मारपीट व अभद्रता और अश्लीलता कर करते हैं। जिससे तंग आकर वह सभी परिवार गांव छोड़ने के लिए मजबूर हैं।
बताया कि गांव का ही एक दबंग बीडीसी का चुनाव हार गया था। तब से वह रंजिश मानने लगा। आरोप लगाया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए पुलिसकर्मी भी दबंगों का साथ देते हैं। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने शिकायती पत्र लेकर उन्हें सुरक्षा का पूरा आश्वासन दिया। शिकायत कर्ताओं में राजीव कुमार, पुष्पा देवी, होशियार खां, मुलानी, दिनेश कुमार, जगमोहन सिंह ठाकुर, जयबीर सिंह, बबली आदि लोग मौजूद रहे।
चौबिया थाना प्रभारी मंसूर अहमद का कहना है कि इनमें से तीन लोगों को पत्थर फेंकने पर चिन्हित किया है। इसी कार्रवाई की वजह से वह एसएसपी को प्रार्थना पत्र देने पहुंचे थे।