इटावा। जसवंतनगर में स्थित सहकारी बैंक व डाकघर में चोरी करने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी किए गए उपकरण, नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।
पुलिस लाइन के सभागार में मंगलवार को प्रेसवर्ता करते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि जसवंतनगर कस्बा स्थित सहकारी बैंक के ताले तोड़कर चोर 27 अप्रैल को चार मानीटर चुरा ले गए थे। शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसके बाद चोरों ने पांच जून को डाकघर से सीपीयू, मानीटर, प्रिंटर और नोट गिनने की मशीन के साथ अन्य सामान भी चोरी किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक सोमवार रात संदिग्धों की तलाश में थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि डाकघर में चोरी करने दो आरोपी कचौरा रोड स्थित नहर पुल के पास खड़े हैं। इस पर उन्होंने टीम के साथ घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से एक छुरा बरामद हुआ है। पूछताछ पर आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र उर्फ जीतू निवासी बीएसएनएल एक्सचेंज के पास जसवंतनगर व दूसरे ने अपना नाम सुदामा निवासी गुलाबबाड़ी जसवंतनगर बताया।
चोरों ने बताया कि बैंक से चोरी किए मॉनीटर उन्होंने राहगीरों को बेच दिए, जबकि डाकघर से चोरी किया सामान उन्होंने झाड़ियों में छुपा दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सामान व नकद बरामद किया है।