इटावा। सती मोहल्ला में मकान खाली कराने के दौरान एक युवक के आग से झुलसने की घटना को लेकर बुधवार को तनाव का माहौल रहा। पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर सीओ कार्यालय के सामने एकत्र होकर होटल मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कुछ तस्वीरें लगी तख्तियां थीं, जिन पर होटल मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। सीओ सिटी और सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सती मोहल्ला पहुंचकर विवादित मकान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी, जिससे इलाके में स्थिति नियंत्रण में रही। (संवाद)