इटावा। आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में बन रहे 500 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) भी होगी। इसमें अति गंभीर मरीजों को इलाज मिल सकेगा। इसके निर्माण के लिए काम शुरू हो गया है।
अति गंभीर मरीजों के लिए अब आयुर्विज्ञान विवि में एक अलग से दो तल की यूनिट बनाई जा रही है। इसके लिए शासन की ओर से 16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सीसीयू बनाने का काम शुरू हो गया है। इस अस्पताल के भूतल पर नौ बेड रहेंगे। इसमें से दो बेड आइसोलेशन रूम, पांच बेड इमरजेंसी और दो बेड एमसीएच वार्ड में होंगे। प्रथम तल पर 24 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनेगा। बड़ी महामारी से संक्रमित होने वाले अति गंभीर मरीजों को इनमें रखा जाएगा।
इसी तल पर दो बेड डायलिसिस के लिए रखे जाएंगे। दूसरे तल पर आईसीयू वार्ड बनेगा। इसमें 10 बेड होंगे। वहीं, छह बेड का एक एचडीयू जोन भी होगा। विषम परिस्थितियों के लिए यहां दो ऑपरेशन थियेटर बनाए जाएंगे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि इमारत बनने का काम शुरू हो गया है। उपकरण के लिए बजट मिलते ही खरीदारी की जाएगी। सीसीयू में अति गंभीर मरीजों को उपचार मिलेगा।