सैफई। थानाक्षेत्र के गोवेपुरा गांव में शनिवार तड़के सिपाही की निर्मम हत्या के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस को भी दंग कर दिया। आरोपियों ने सिपाही पर इतने वार किए कि पोस्टमार्टम कर रहे डॉक्टर भी गिन नहीं सके। शव की हालत देखकर डॉक्टरों की टीम दहल गई। सिपाही का सिर पूरी तरह से खुल गया था, गर्दन पर वार होने से वह भी लटक गई थी।
गोवेपुरा गांव निवासी सिपाही (हेड कांस्टेबल) अनिल यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि आरोपियों ने प्राण निकलने के बाद भी शव पर कई वार किए। शव की हालत देखकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी दहल गई। वहीं, पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर भी किए गए वार नहीं गिन सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या शनिवार तड़के तीन-साढ़े तीन के बीच किए जाने का जिक्र है।
रिपोर्ट में सामने आया है कि पहला वार गर्दन पर दांये तरफ फांवड़े से किया गया। इससे सिर फट गया और गर्दन कट गई। इसके बाद फांवड़े से एक के बाद एक कई वार गर्दन और सिर पर किए गए। इससे सिर के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह खुल गया। गर्दन भी लटक गई। बीच में एक वार इतना तेज था कि उससे फांवड़ा सिर में फंस गया। फांवड़े को निकालने के लिए खुरपी जैसी किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद फिर कई वार किए गए। पूरा शरीर खून से लथपथ हो गया था।
यह था मामला
सैफई थानाक्षेत्र के गांव गोवपुरा निवासी अनिल कुमार यादव (42) मथुरा में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात थे। वह शुक्रवार को आलू खोदवाने के लिए छुट्टी लेकर गांव आए थे। शुक्रवार रात को वह खेत पर ही रुक गए थे। शनिवार सुबह लहूलुहान हालत में उनका शव खेत में ही पड़ा मिला था। भाई नीरज कुमार यादव ने थाने में तहरीर देकर ताऊ दर्शन सिंह, उनके बेटे ओमपाल और पौत्र अभिषेक पर हत्या का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दर्शन सिंह और पौत्र अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया था। ओमपाल की तलाश में पुलिस टीम लगी है। दो बाघा जमीन की खुन्नस वारदात की वजह बताई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और गर्दन पर कई वार होने की बात सामने आई है। कई वार होने से गर्दन से ऊपर का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में शव देख पाना भी मुश्किल हो रहा था। शव पर इतनी बार वार किए गए कि इसका उल्लेख पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर भी नहीं कर सके हैं।
- शैलेंद्र कुमार, सीओ सैफई