बसरेहर। कस्बा में पीली कोठी के पास स्थित एक गल्ला की दुकान में शुक्रवार रात चोरों ने तीन जगह पर नकब लगाकर गोलक व सरसों की पांच बोरी चुरा लीं। घटना की जानकारी शनिवार दोपहर को हुई तो पुलिस को जानकारी दी गई।
कस्बा निवासी मंजू की पीली कोठी के पास गल्ला की दुकान है। शुक्रवार शाम को वह दुकान बंद कर घर चली गईं। रात में चोरों ने दुकान में नकब लगा दी। चोर गोलक व सरसों की पांच बोरियां चुरा ले गए। घटना की जानकारी शनिवार दोपहर हुई तो वह दुकान पहुुंची। मंजू देवी ने बताया कि उनके पति की चार साल पहले मृत्यु हो चुकी है।
किराये की दुकान में गल्ला की खरीद और बिक्री का काम करती हैं। गोलक में चार हजार रुपये थे। घटना की जानकारी मंजू देवी ने बसरेहर पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी बेचन कुमार सिंह ने जांच की। थानाप्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।