इटावा। ऐतिहासिक काली बांह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के बाह अड्डा क्षेत्र की काली मैम वाली गली में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम पर मारपीट का मामला सामने आया है। अवर अभियंता रतन भूषण ने आरोप लगाया कि शाम को कनेक्शन जोड़ने के दौरान पूर्व सभासद सारिक, संजीव और एक महिला ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अभद्रता और गाली-गलौज की जिसके बाद हाथापाई हो गई। सूचना पर पुलिस को बुलाया गया और थाने में शिकायत दी गई। वहीं, दूसरे पक्ष के रिंकू ने आरोप लगाया कि टीम ने पहले खंबा लगाने की मांग को नजरअंदाज किया और विवाद के दौरान अभद्र व्यवहार किया। इस पर दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। सीओ सिटी अभय नारायण ने बताया दोनों पक्षों की सुनवाई कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।