इटावा। रास्ते में उतारने का विरोध करने और पैसे मांगने पर निजी बस संचालक ने यात्रियों की पिटाई कर दी। पुलिस ने घायल यात्रियों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
संदीप विश्वकर्मा निवासी राठ, जिला हमीरपुर ने बताया कि वह जालौन से दिल्ली जाने के लिए निजी बस में सवार हुए थे। थोड़ी दूर ही चलकर बस खराब हो गई। चालक ने सभी से पूरे रुपये ले लिए थे। रुपये मांगने पर बस में सवार चालक, परिचालक भिड़ गए। हालांकि उस समय मामला शांत करके यात्री एक दूसरी बस पकड़कर चले आए। इस बीच संचालक और उसके गुर्गों ने पीछे से दूसरी बस से आकर ईदगाह तिराहे के पास बस को रुकवा लिया और उन्हें उतारकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में अनीता देवी, पुष्पेंद्र, पारवती देवी, हेमराज निवासी राठ जिला हमीरपुर घायल हुए हैं। सूचना पर सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षण विजय बहादुर वर्मा भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि यात्रियों की शिकायत पर उनका डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। मारपीट करने वाले बस संचालक को हिरासत में ले लिया गया है।