इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक स्कूल की मंगलवार को कक्षा नौ की एक छात्रा छुट्टी के बाद लापता हो गई। पिता अनिल कुमार यादव बेटी को लेने पहुंचे लेकिन वह नहीं मिली। काफी तलाश के बाद स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में छात्रा दूसरे गेट से बाहर जाती दिखी। पिता अनिल कुमार यादव ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। छात्रा भरथना क्षेत्र के ग्राम झिंदुआ की रहने वाली है। सूचना पर थाना और एसओजी टीम विद्यालय पहुंची। टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर छात्रा की तलाश शुरू की। इसी बीच देर शाम छह बजे बालिका सही सलामत अपने घर पहुंच गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी सहेली के साथ बाजार चली गई थी। स्वजन ने इसके बाद राहत की सांस ली। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर तत्काल टीमों को तलाश के लिए लगा दिया गया था, लेकिन शाम को बच्ची लौट आई है। (संवाद)