िइटावा-कानपुर सिक्सलेन नेशनल हाईवे पर चार दिन पहले सड़क हादसे में घायल प्रमोद कुमार (25) की सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में शुक्रवार को मौत हो गई। इस हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
झांसी के गुरुसहाय थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के 10 लोग एक कार से 12 अप्रैल को अपने घर लौट रहे थे। सिक्सलेन नेशनल हाईवे पर कार पंचर हो गई थी।
चालक सवारियां उतार कर कार का पहिया बदल रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक सड़क के किनारे खड़े लोगों को कुचलता हुआ निकल गया।
हादसे में दीपक, उसके पिता बुद्धि सिंह व कार चालक कमरुज्जमां की मौत हो गई थी। प्रमोद समेत आठ लोग घायल हो गए थे।
पुलिस ने अज्ञात ट्रक व चालक के खिलाफ लापरवाही की रिपोर्ट दर्ज की थी। अभी पुलिस ट्रक व चालक का पता नहीं लगा सकी है।