इटावा। जिले के राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों की सूरत बदलने के लिए शासन ने खजाना खोल दिया है। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत जिले के 27 विद्यालयों में साढ़े चार करोड़ रुपये से विकास कार्य होंगे। डीएम की अध्यक्षता में बनी कमेटी कामों की निगरानी करेगी।
जिले के सभी 21 राजकीय विद्यालयों के साथ छह सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों को प्रोजेक्ट अलंकार के तहत चयनित किया गया है। शासन की ओर से इन विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम शुरू कराया जा रहा है। विद्यालयों की साज-सज्जा के साथ ही यहां आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। छह सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 55 लाख और 21 राजकीय विद्यालयों के लिए तीन करोड़ 95 लाख का बजट जारी हुआ है।
यह बजट अभी पूरा नहीं मिला है। दो से तीन किस्तों में इसे जारी किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से पिछले कई वर्षों से प्रस्ताव भेजा जा रहा था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल रही थी। माध्यमिक स्कूलों की दशा सुधारने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना लागू की गई है।
इन कॉलेजों में होंगे काम
- शिवनारायण इंटर कॉलेज लालपुरा, आर्य श्यामा बालिका इंटर कॉलेज भरथना, जवाहर इंटर कॉलेज बुआपुर, श्रीबिहारी जी इंटर कॉलेज अहेरीपुर, लोकमान्य इंटर कॉलेज महेवा, सर्वोदय इंटर कॉलेज लौंगपुर के साथ ही जिले के सभी 21 राजकीय इंटर कॉलेजों में काम कराए जाएंगे।
इन सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा
माध्यमिक विद्यालयों में मल्टीपरपज हॉल, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास, फर्नीचर, खेल का मैदान ,स्वच्छ पेयजल, बालक और बालिकाओं के लिए शौचालय, बाउंड्री, बिजली आदि व्यवस्थाएं सुधारी जाएंगी।
प्रोजेक्ट अलंकार के तहत काॅलेजों की व्यवस्थाओं को सुधारा जाएगा। इसमें राजकीय के लिए 50 फीसदी व सहायता प्राप्त के लिए 40 फीसदी बजट आवंटित हुआ है। जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा।
- मनोज कुमार, डीआईओएस।