इटावा। 2024 स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात और विकास की सौगातें लेकर आ रहा है। जिले में जहां अब नया वेयर हाउस बनने के बाद दवाइयों की आपूर्ति की समस्या समाप्त हो सकेगी, वहीं सैफई में 500 बेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनने के बाद जिले के साथ आसपास के जनपदों के लोगों को भी बेहतर उपचार मिल सकेगा। उधर, सालों से कंडम दौड़ रही बसों की नीलामी के साथ नई बसें मिलने से यातायात सुविधाएं भी सुगम हो सकेंगी। नया साइबर थाना मिलने से साइबर अपराधों पर लगाम लगेगी।
साइबर अपराधियों पर लगेगी लगाम
: हाईटेक होते युग में धोखाधड़ी का भी स्तर हाईटेक हो गया है। साइबर अपराध पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस लाइन में साइबर थाना की स्थापना हो गई है। नए वर्ष के पहले सप्ताह में वर्चुअल शुभारंभ किया जाएगा। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि साइबर थाना के साथ-साथ जनपद के समस्त थानों पर साइबर सेल स्थापित की गई है। थानों पर स्थापित प्रत्येक साइबर सेल पर निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। निरीक्षक साइबर अपराधों से संबंधी विवेचनाओं का जल्द निस्तारण करेंगे। साइबर थाना में हैकिंग, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, स्पैम ईमेल, रैनसमवेयर, पोर्नोग्राफी, ऑनलाइन ब्लैकमेल व इसी प्रकार के अन्य अपराध होने पर पीड़ित शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सात इंटर कॉलेज संवारे जाएंगे, दो आईटीआई हाईटेक होंगे
जिले के सात इंटर कॉलेजों को प्रोजेक्ट अलंकार के तहत संवारा जाएगा । दो राजकीय आईटीआई को हाइटेक किया जाएगा। नए शिक्षण सत्र में कई कोर्स को बढ़ाकर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित करने का व्यवस्थाएं करवाई जाएगी। साथ ही ताखा में नवनिर्मित आईटीआई भी इस सत्र से शुरू हो जाएगा। 15 परिषदीय स्कूलों के भवन बनकर तैयार हो गए है।
स्वास्थ्य : 500 बेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल देगा राहत
स्वास्थ्य में यह साल काफी सौगातें लेकर आ रहा है। सैफई मेडिकल कॉलेज में जहां 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं 300 बेड गायनी अस्पताल भी इसी साल शुरू होने की उम्मीद है। इससे गंभीर मरीजों के साथ ही गर्भवतियों को बेहतर उपचार की व्यवस्था हो सकेगी। वहीं शहर में टीबी अस्पताल के पीछे बन रहे वेयर हाउस का शुभारंभ भी करीब छह माह में होने की उम्मीद है। चार हजार वर्ग फीट में बन रहे वेयर हाउस बनने से दवाइयों की आपूर्ति होने में सहूलियत हो सकेगी।
यातायात : कल से आए अमृत भारत एक्सप्रेस, दस नई बसें भी मिलेंगी
नए साल पर यातायात सेवाओं में भी बढ़़ोतरी होने से राहत मिल सकेगी। एक ओर जहां आनंद बिहार से नई दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस से दिल्ली और अयोध्या का सफर आसान हो सकेगा। उधर, उज्जैन जाने के लिए ट्रेन शुरू होने की संभावना है। वहीं रोडवेज की कंडम 13 बसों की नीलामी भी फरवरी में होने की उम्मीद है। उसके बाद 10 नई बीएस 6 बसें मिलने की उम्मीद है। इससे दिल्ली, लखनऊ, बरेली आदि की यात्रा बसों से और सुगम हो जाएगी।
विकास : अटल सभागार और वाह-उदी मार्ग, सिग्नेचर पुल बनेगा
नए साल 2024 में विकास को भी रफ्तार मिलेगी। लंबे से लटका वाह-उदी मार्ग पर काम शुरू हो सकेगा। वहीं, फर्रुखाबाद हाईवे का चौड़ीकरण का काम पूरा होने से बरेली तक सफर सुगम होगा। उधर, चंबल नदी पर ग्वालियर जाने के लिए सिग्नेचर पुल बनने की भी शुरुआत इसी साल होने की उम्मीद है। वहीं, शहर के सुंदरीकरण के लिए अटल पथ, पक्का तालाब का जीर्णोंद्धार किया जाएगा।