मोबाइल टावर पर चढ़ा निलंबित डाक सेवक
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले में निलंबित डाक सेवक शनिवार शाम करीब चार बजे 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंली। पत्नी ने विभागीय अधिकारियों पर रुपये लेकर भी बहाल न करने का आरोप लगाया। सत्येंद्र धाकरे निवासी गड़ी रामधन बलराई शहर में एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सत्येंद्र जसवंतनगर के कोकिला डाकघर में डाक सेवक था। करीब डेढ़ साल पहले गबन के आरोप में सत्येंद्र को निलंबित कर दिया गया था। वह एक साल से बहाल होने के लिए चक्कर लगा रहा था। मौके पर पहुंची पत्नी ने आरोप लगाया कि पति से दफ्तर के अधिकारियों ने बहाल कराने के लिए रुपये भी ले लिए।
इसके बावजूद उसे बहाल नहीं किया गया। इससे वह तनाव में था। पोस्ट मास्टर आशीष शर्मा ने बताया कि लगभग एक साल पहले सत्येंद्र को निलंबित किया था। डाकरघर अधीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि सत्येंद्र के पास 11 लाख रुपये दंपती ने जमा किए थे। वह पांच लाख रुपये का हिसाब नहीं दे सका था। एसडीएम विक्रम राघव भी मौके पर पहुंचे। लगभग आठ बजे अधिकारियों के आश्वासन पर सत्येंद्र नीचे उतरा।