सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में संविदा कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से दूसरे दिन गुरुवार को भी काम बंद कर धरना प्रदर्शन जारी रखा। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन बात नहीं बनी।
पिछले दिनों प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव के हस्तक्षेप के बाद आंदोलन खत्म हो गया था। बीते बुधवार को विश्वविद्यालय में संविदा कर्मियों का एक बार फिर से हंगामा शुरू कर दिया। संविदा कर्मियों को निकाले जाने की तैयारी की भनक लगने के बाद ही उन्होंने प्रशासनिक भवन का घेराव किया। गुरुवार को टेंट लगाकर सामूहिक रूप से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों ने एसडीएम ज्योत्सना बंधु, क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे, थाना प्रभारी रमेश सिंह के साथ कई बार धरनास्थल पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया। कर्मचारी क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव को बुलाने पर अड़े हुए हैं। एसडीएम ज्योत्सना बंधु ने कर्मियों से कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिखित में पत्र जारी कर कहा है कि किसी को निकाला नहीं जाएगा। एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे कानून हाथ में न लें।
सैफई गांव के प्रधान रामफल बाल्मीकि ने कहा कि यहां के अधिकारी अस्पताल को बिल्कुल बर्बाद करने पर उतारू हैं। यह अस्पताल हमारी ग्राम पंचायत में आता है। इसलिए हम यहां पर हर संभव कर्मचारियों के साथ खड़े रहेंगे किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।