(फोटो संख्या 23) इकदिल में तेज आंधी से छत पर गिरा मोबाइल टावर। संवाद
(फोटो संख्या 26) भरथना के अनवरगंज में भरा बारिश का पानी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार की शाम आई आंधी और बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों का हाल बेहाल रहा। आंधी और बारिश की वजह से कस्बा इकदिल समेत करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जबकि पूर्वी चौराहा में एक मकान पर मोबाइल टावर गिर गया। जिससे मकान में दरारें आ गईं व दंपति बाल- बाल बच गए। भरथना में बारिश से सड़कें, गलियां जलमग्न हो गईं। घरों में भी पानी भर गया। 100 गांवों की बिजली ठप हुई
इकदिल। बारिश की वजह से बकेवर के टकरूपुर 33 केवीए से इकदिल को आने वाली बिजली बाधित हो गई। इससे करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। जबकि कस्बा में मोहल्ला खेड़ापति में दो बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने की वजह से कस्बे की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
इस वजह से शाम को नगर पंचायत से पेयजलापूर्ति नहीं होने की वजह से लोग पानी के लिए परेशान रहे। लोगों को हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए लाइन लगानी पड़ी। बकेवर और ताखा क्षेत्र में भी आंधी और बारिश से लोगों की परेशानियां बढ़ीं। इकदिल के पूर्वी चौराहा स्थित एक दुकान पर लगा मोबाइल टावर श्याम सुंदर वर्मा के मकान पर गिर पड़ा।
इस वजह से पति और पत्नी दोनों बाल- बाल बच जरूर गए लेकिन टावर के गिरने से मकान में दरारें आ गईं। श्याम सुंदर वर्मा ने बताया कि करीब पांच- छह साल पूर्व लगा मोबाइल टावर काफी समय से तेज हवा चलने से हिलने लगता था। इस वजह से दुकानदार से टावर सही कराने के लिए कई बार कहा, आशंका जताई की इसके गिरने से उनका काफी नुकसान होगा, लेकिन दुकानदार ने इसे सही नहीं कराया। आखिरकार वह उनकी छत पर गिर पड़ा। बच तो गए लेकिन मकान में दरार आ गई।
भरथना में बारिश का पानी घरों में घुसा
भरथना। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, साथ ही मुख्य सड़कें, गलियों व घरों में बारिश का पानी भरने से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। करीब पौन घंटे हुई तेज बारिश से सरोजनी रोड़, बजाजा लाइन, अनवरगंज, इंद्रानगर, ब्रजराज नगर, गांधी नगर, महावीर नगर आदि की गलियां जलमग्न हो गईं।
बकेवर कस्बे और सौ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित
बकेवर। रविवार शाम आंधी और बारिश के बीच 33 हजार केवीए की लाइन में फॉल्ट हो गया। इससे कस्बे और करीब उपकेंद्र से जुड़े सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं बारिश से नगर के कई मोहल्ला में जलभराव भी हो गया। जेई ने बताया कि आंधी और बारिश के बीच 33 हजार केवीए की लाइन फॉल्ट हुआ है। इससे आपूर्ति बाधित है। मौसम सही होते ही फॉल्ट को दुरुस्त कराया जाएगा।