ताखा। श्मशान की जमीन को जुतवाने से हिंदू संगठनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। सूचना पर डीएम अवनीश राय और एसएसपी जय प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और दोषी पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ऊसराहरा कस्बा निवासी अब्दुल खान ने शुक्रवार रात कस्बे में स्थित श्मशान की जमीन को ट्रैक्टर से जुतवा दिया। शनिवार सुबह जब ग्रामीणों को इसका पता चला तो हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एसडीएम ताखा कौशल किशोर और ऊसराहार थाना प्रभारी गंगादास गौतम को सूचना दी।
जिलाधिकारी अवनीश राय, एसएसपी जयप्रकाश सिंह, एडीएम जयप्रकाश, एएसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह मौके पर पहुंचे और जेसीबी बुलाकर जमीन को बराबर करवाया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि अब्दुल खान पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के घर पर दबिश दी गई है, लेकिन वह फरार है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।