इटावा। ग्राम पंचायत सचिवों ने बीडीओ सैफई पर अभद्र भाषा के प्रयोग, अवैध धन की मांग और मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायती पत्र दिया है। सचिवों का आरोप है कि बीडीओ के पास दो विकास खंडों का प्रभार है जिसके चलते वे सैफई ब्लॉक में नियमित रूप से समय नहीं दे पा रहे हैं। इसके बावजूद दूर से ही फोन और पत्राचार के माध्यम से अनावश्यक दबाव बनाकर कार्य कराने का प्रयास किया जाता है। शिकायत करने वालों में ग्राम पंचायत सचिव सिद्धार्थ गुप्ता, संजीव कुमार, मोहम्मद आरिफ, अमित सिंह, भानु प्रताप, मनीष कुमार, नागेंद्र प्रताप सिंह आदि शामिल हैं। बीडीओ गौरव पुरोहित ने बताया कि फिलहाल मुझे कोई शिकायती पत्र देने की जानकारी नहीं है। यदि दिया भी गया है तो उसमें लगाए गए सभी आरोप गलत हैं।