इटावा। स्कूल संचालक के बेटे ने मंगलवार सुबह फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव स्कूल के कमरे में फंदे से लटकता मिला। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
सिविल लाइन थानाक्षेत्र के सराय दयानंद मोहल्ला निवासी कैलाश बाबू घर में ही स्कूल चलाते हैं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें मंझले बेटे विशाल उर्फ गोलू राजपूत (21) ने मुजफ्फरनगर के एक मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लिया था। मंगलवार को उसे कॉलेज जाना था। सुबह छोटे बेटे सौम्य ने देखा कि गोलू का शव स्कूल के कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका है। सौम्य ने पिता को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बड़े भाई प्रभात ने बताया कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। सिविल लाइन थाना प्रभारी मोहम्मद कामिल ने बताया कि सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के फोन की भी जांच कराई जाएगी।