चकरनगर। प्राथमिक विद्यालय चोरेला में बुधवार को तेरहवीं भोज के बचे तीन दिन पुराने लड्डू का स्वतंत्रता दिवस पर वितरण करने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराया।
बीते दिनों गांव के ही अमर सिंह की मौत हो गई थी। 13 अगस्त तेरहवीं भोज का आयोजन किया गया था। तेरहवीं में बने लड्डू बच गए थे। आरोप है कि इनको अध्यापकों ने स्वतंत्रता दिवस पर छात्र-छात्राओं को मिष्ठान के तौर पर बांट दिया था। ग्रामीणों ने जब घर पर बच्चों को तेरहवीं भोज के लड्डू खाते हुए देखा तो उपजिलाधिकारी चकरनगर को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद विद्यालय में हंगामा किया।
थाना अध्यक्ष बिठौली सुरेश चंद ने बताया ग्रामीणों ने शिक्षकों के खिलाफ कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। प्रबुद्ध लोगों ने मौके पर पहुंच कर अध्यापकों को चेतावनी देकर मामला रफा-दफा कर दिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी अल्केश कुमार ने बताया शिक्षक से मिष्ठान वितरण के मामले में जवाब मांगा गया है। उप जिलाधिकारी चकरनगर मलखान सिंह ने बताया मामले की जांच करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को कहा गया हैं। जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।