हाईवे पर दुर्घटना के बाद खड़ी स्कूल बस।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार सुबह आठ बजे फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में हाईवे पर कोकपुरा के निकट शहर के एक प्राइवेट विद्यालय की बस खड़ी थी। घने कोहरे में हाईवे पर बस का हेल्पर सतेंद्र उर्फ पप्पू (18) पुत्र महावीर निवासी नगला वर्माजीत जसवंतनगर बस बैक कराने लगा। इस दौरान पीछे से आए ट्रक ने हेल्पर सतेंद्र को टक्कर मार दी। हादसे में सत्येंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान एक अन्य ट्रक घटनास्थल पर खड़ा हो गया। इसमें पीछे से आ रहा दूसरा ट्रक जा घुसा। हादसे में पहले ट्रक का चालक गगन उर्फ अनुज (36) पुत्र रामदास सिंह निवासी डौडापुर बिधूना औरैया घायल हो गया। मौके पर पहुंची फ्रेंड्स कालोनी पुलिस ने हेल्पर के शव को कब्जे में ले लिया। घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर कोहरे के कारण अन्य हादसे की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ट्रकों व स्कूल बस को हाईवे से हटवाया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा।