इटावा। सफारी पार्क की तरह ही हरियाणा सरकार भी अपने राज्य में सफारी पार्क बनाने की तैयारी कर रही है। इसे लेकर हरियाणा से आई तीन सदस्यीय टीम ने गुरुवार को सफारी का भ्रमण किया और सफारी के अधिकारियों से जानकारी हासिल की।
हरियाणा सरकार अपने राज्य में 10 हजार एकड़ क्षेत्र में सफारी पार्क स्थापित करने की योजना बना रही है। इस सफारी पार्क का नाम अरावली सफारी पार्क रखा जाना प्रस्तावित किया गया है। अरावली सफारी पार्क को अमली जामा पहनाए जाने के क्रम में गुरुवार को हरियाणा में इटावा सफारी पार्क की तर्ज पर स्थापित होने वाली सफारी की तीन सदस्यीय टीम ने इटावा सफारी पार्क का भ्रमण किया।
टीम के सदस्यों ने सफारी पार्क के विभिन्न हिस्सों, फेसिंग, वन्यजीवों के रखरखाव, इमारत के डिजाइन व चहारदीवारी का भ्रमण कर अध्ययन किया। हरियाणा से आई टीम के सदस्य इटावा सफारी पार्क देखकर काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने इसकी सराहना भी की। उन्होंने कहा कि यहां का भ्रमण करने और व्यवस्थाएं देखने के बाद अरावली सफारी पार्क बनाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने सफारी के अधिकारियों से बातचीत भी की।