इटावा। आयुष्मान योजना के लाभार्थियों का इलाज जिला अस्पताल में निशुल्क होता है लेकिन उनसे रुपयों की मांग की जा रही है। मांग न मानने वालों को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सीएमएस से शिकायत के बाद संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सराय दयानत निवासी अनीता देवी ने सीएमओ को दिए शिकायती पत्र में डॉक्टर पर आठ हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। कहा कि जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड नहीं चलता। गांव जगसौरा निवासी कमलेश कुमार का आरोप है कि उसे भी हार्निया का ऑपरेशन कराना है। दर्द से परेशान हैं। इन दोनों मरीजों ने आठ दिसंबर को सीएमओ को शिकायती पत्र दिया था।
महिला मरीज की शिकायत पर आयुष्मान के नोडल डॉ. आशीष तिवारी व एसीएमओ डॉ. एतेंद्र राजपूत सीएमएस डॉ. एमएम आर्या से मिले। सीएमएस ने संबंधित डॉक्टर को बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा है।
दो अन्य मरीजों ने भी सीएमओ डॉ. गीताराम से लिखित शिकायत की। उन्होंने सीएमएस को पत्र लिखकर डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगकर अवगत कराने का निर्देश दिया है।
औरैया जनपद के अछल्दा क्षेत्र के गांव छछूंद निवासी सावित्री देवी का आरोप है कि उसकी पित्त की थैली में पथरी है, ऑपरेशन कराना है। कई दिन से चक्कर काट रहे हैं, लेकिन भर्ती नहीं कर रहे थे। आरोप है कि डॉक्टर ने उससे दस हजार रुपये मांगे। बताया कि चार छोटे बच्चे हैं। यहां आयुष्मान के मरीजों का इलाज नहीं होता। सैफई जाकर इलाज कराओ।
10 साल पहले पति की हादसे में मौत हो गई थी। अधिकारियों के दखल पर उसे भर्ती कर लिया गया। गुरुवार को ऑपरेशन होगा।