बसरेहर। दंपती के साथ सरेशाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट की। तमंचा दिखाकर जेवर समेत करीब दो लाख रुपये का सामान लूट लिया। एसपी देहात और सीओ ने घटनास्थल पर जाकर जांच की।
थाना क्षेत्र के गांव दिमार गांव निवासी गौरव पत्नी रेेशू, बच्चों शानवी और विहान को लेकर ससुराल गांव चख थाना करहल जिला मैनपुरी से लौट रहे थे। रास्ते में लोहिया नहर के आगे गांव से दो किलोमीटर पहले पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें गिरा दिया। इसके बाद तमंचा तानकर चार अगूंठी, एक चेन, झाले, मंगलसूत्र, ढाई हजार रुपये और मोबाइल लूटकर ले गए। रेशू ने बताया कि बदमाश बाइक की चाबी निकालकर खेत में फेंक गए।
आरोपियों के फरार होने के बाद वहां से निकले राहगीरों की मदद से दंपती ने पुलिस को सूचना दी। इस पर चौबिया और बसरेहर थाने के फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया। एसपी देहात सत्यपाल सिंह और सीओ नागेंद्र चौबे ने जायजा लिया। पूछताछ करके जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। एसपी देहात ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके आरोपियों की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच, एसओजी और थाना पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
लूट के मामले में जांच करने पहुंचे एसपी देहात
भरथना। चार मार्च की रात कंपनी के स्टोर रूम से दो गार्डों को बंधक बनाकर 37 लाख रुपए की लूट के मामले में एसपी देहात ने जांच की। उन्होंने गोदाम पर जाकर कर्मियों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक जावला, कोतवाल विद्या सागर सिंह आदि मौजूद रहे।