वैदपुरा। ऑटो सवार बहनों को बेहोश कर जेवर लूटने के मामले में पुलिस ने चालक व उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जसवंतनगर थानाक्षेत्र के गांव जुगौरा निवासी मोहरश्री ने बताया कि वह भीखनपुर गांव निवासी बहन रजवती के साथ छह दिसंबर को वैदपुरा के राघवपुर मठी का नगला गांव स्थित ननिहाल गई थीं। सात दिसंबर की शाम दोनों छिमारा से ऑटो से घर जा रहीं थीं।
जसवंतनगर में वह दोनों दूसरी ऑटो में सवार हुईं। इसमें दो लोग पहले से बैठे थे। चालक ऑटो को गांव की ओर न ले जाकर जसवंतनगर चौराहे की तरफ ले जाने लगा। उन्होंने पूछा तो सवारी लेने की बात कही। रास्ते में ऑटो चालक ने साथियों के साथ मिलकर उन्हें बेहोश कर दिया। जेवर, नकदी लूट ले गए और रायनगर के पास ऑटो से उतारकर भाग गए।
मोहरश्री ने बताया कि लुटेरे उन दोनों के पास से छह अंगूठियां, सोने की जंजीर, टॉप्स, तोड़िया, झुमके और दो हजार रुपये लूट ले गए थे। उन्होंने वैदपुरा थाने जाकर पुलिस को जानकारी दी लेकिन पुलिस ने उन्हें टरका दिया। अब एसएसपी के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी राम किशन लाल पटेल बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।