इटावा। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर इकदिल थाने में एक व्यक्ति की तहरीर पर पांच नामजद सहित दस लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भरथना थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर निवासी जय सिंह वर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि वह एक ठेकेदार हैं। उसने आनंद इंफ्रा जोन प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंधित होकर कंपनी के वर्क ऑर्डर पर गोरखपुर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर मिट्टी का काम किया था। काम पूरा होने के बाद बिल वाउचर देने के बाद निर्माण कंपनी की संचालिका ऊषा यादव के पति व कंपनी के अधिकृत प्रवक्ता आनंद यादव से रुपये मांगने पर हीलाहवाली कर पैसा देने से टरका दिया।
आरोप लगाया कि इसके बाद योजना बनाकर उसने 14 अक्तूबर को उसका एक करोड़ अस्सी लाख रुपये हड़पने की नीयत से उसे नगला खादर की पुलिया के पास बुलाया। वहां मौजूद उसके साथियों ने गालीगलौज कर जान से मारने के लिए उसके ऊपर फायर कर दिया। फिर आरोपियों ने मारपीट की। इसके बाद मृत समझकर उसके गले में पड़ी चेन, 15 हजार रुपये नकद व कागजात लूट लिए। लोगों को आता देख उक्त लोग भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उसने एडीएम को घटना से अवगत कराया। एडीएम के आदेश पर अजय कुमार जाटव निवासी रानी नगर भरथना, आनंद यादव निवासी गोमती नगर कमिश्नरेट लखनऊ, पंकज यादव निवासी नगला विशुना एरवाकटरा औरैया, अजीत यादव व अवनीश यादव निवासी कस्बा भरथना और पांच अज्ञात समेत 10 लोगों के खिलाफ मारपीट लूट धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।