संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। दो माह पहले छात्र को थप्पड़ मारने वाले शिक्षक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों ने छात्र के कान का पर्दा फटने का आरोप लगाया था। जिसपर डीआईओएस और नायाब तहसीलदार की जांच में मामला सही पाए जाने पर शिक्षक पर कार्रवाई की गई।
कटरा शमशेर खां पीली कोठी थाना कोतवाली निवासी रोहित सिंह भदौरिया ने बताया कि उनका भतीजा अमय भदौरिया सिविल लाइन स्थित एक स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। 23 मार्च को स्कूल के शिक्षक अरुण सिंह ने भतीजे को बुरी तरह कान पर थप्पड़ मारे। जिससे उसका कान का पर्दा फट गया और उसे सुनाई नहीं दे रहा है।
24 मार्च को स्कूल के प्रधानाचार्य को लिखित प्रार्थना पत्र दिया। प्रधानाचार्य ने आश्वासन दिया कि शिक्षक अरुण सिंह के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करवायेंगे। लेकिन प्रधानाचार्य की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई। 25 मार्च को थाना सिविल लाइन में शिकायत की जिस पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। एसपी सिटी कपिल देव सिंह ने बताया कि रोहित सिंह भदौरिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें डीआईओएस और नायाब तहसीलदार के स्तर से जांच के बाद शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।