इटावा। रोडवेज बस में महिला के बैग से जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस ने चालक और कंडक्टर सहित पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरविया टोला निवासी खुशी वर्मा ने बताया कि उनके पति प्रमोद कुमार मध्यप्रदेश के छिंदवारा में नौकरी करते हैं। चार अक्तूबर को आगरा से ट्रेन थी। आगरा जाने के लिए वह बस में बैठी थीं। उनके साथ भाई अभय राम और छह वर्षीय बेटी सान्या थी। महिला का आरोप है कि बस चालक ने जबरदस्ती उनका ट्रॉली बैग सीट के पीछे रखवा दिया।
इस दौरान आगे की सीट पर बैठे तीन लोगों ने बैग की चेन को काट दिया और उसमें रखा जेवर से भड़ा बैग निकाल लिया। चोरी के बाद तीनों आरोपी काजी पेट्रोल पंप के पास उतरने लगे।
एक आरोपी के जेब में रखा महिला का छोटा पर्स गिर गया, जिसे कंडक्टर ने उठाकर पूछा कि बैग किसका है। महिला ने चालक से बस रोकने के लिए कहा। उसने काफी आगे जाकर बस रोकी। सदर कोतवाल भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर बस के चालक अवधेश सविता, कंडक्टर सतेंद्र भदौरिया और तीन अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।