बकेवर। थाने में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसएसपी के सामने कोई फरियादी नहीं पहुंचा। डीएम ने पुरानी शिकायतों से संबंधित रजिस्टर चेक किया। पता चला कि कब्जे की शिकायत के निस्तारण के दौरान राजस्व टीम नहीं गई। फर्जी निस्तारण दिखा दिया गया। इस पर उन्होंने कड़ी हिदायत दी। कहा कि शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
डीएम अवनीश कुमार राय व एसएसपी संजय वर्मा ने समाधान दिवस के रजिस्टर में अंकित पुराने मामले चेक किए। अहेरीपुर के बिहारीपुर गांव में कब्जे के मामले में एसएसपी ने फोन से जानकारी की। पता चला कि राजस्व टीम मौके पर नहीं गई थी। डीएम ने लेखपाल मनोज व चौकी इंचार्ज गणेश गुप्ता को कड़ी हिदायत दी। तहसीलदार भरथना अशोक कुमार व इंस्पेक्टर बकेवर विक्रम सिंह चौहान को दोबारा मौके पर भेजकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि राजस्व टीम पुलिस के साथ मौके पर जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में रजिस्टर पर फर्जी निस्तारण दर्ज होने पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीओ भरथना विवेक जावला, अश्वनी त्रिपाठी, राजेंद्र बाबू त्रिपाठी, थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान,रोमेश अग्निहोत्री, जयप्रकाश, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।