इटावा। दिनभर कड़ी धूप रहने से शनिवार को अधिकतम पारा दो डिग्री चढ़ गया लेकिन शाम को फिर मौसम बिगड़ने लगा। तेज हवाओं के साथ बदली छा गई। मौसम वैज्ञानिकों ने आज व कल आंधी और बारिश के आसार जताए हैं।
शनिवार को मौसम साफ रहने से किसानों को कुछ राहत मिली। गेहूं उत्पादक किसानों को फसल के सूखने की उम्मीद है। साथ ही गेहूं की कटाई व थ्रेसिंग फिर शुरू हो गई है। चार मई को अधिकतम पारा 30, पांच को 34 रहा था। छह मई को पारा 36 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि शाम को मौसम बदला तो किसानों की धड़कनें फिर बढ़ गईं। उन्होंने खेतों में जाकर फसल समेटना शुरू कर दिया।
मौसम का जो पूर्वानुमान है उसके अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। सात व आठ मई को धूल भरी आंधी, तेज हवाएं चलने, गरज चमक के साथ बूंदाबांदी व हल्की बारिश होने की संभावना है। - डॉ. एसएन पांडेय, कृषि मौसम वैज्ञानिक