चकरनगर। कस्बे में ज्वैलर्स की दुकान में हुई करोड़ों रुपये की चोरी का खुलासा करने की मांग करते हुए व्यापारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय का काफिला रोक लिया। चोरी की घटना 29 जुलाई को हुई थी।
भरेह संगम से बाढ़ की स्थिति का जायजा लेकर लौट रहे जिलाधिकारी के काफिले को कस्बे के व्यापारियों ने चौराहे पर रोक लिया। पीड़ित ज्वैलर्स विपिन जैन ने बताया कि डेढ़ करोड़ से अधिक का सोना चांदी चोरी हुआ है। पुलिस की ओर से खुलासा करने का आश्वासन दिया जा रहा है, पर अभी तक कोई भी सुराग नहीं लगा है। चोरी की घटना होने से परिवार भुखमरी के कगार पर आ गया है।
जिलाधिकारी ने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि शीघ्र खुलासा किया जाएगा। पीड़ित व्यापारी परिवार कैलाश चंद, महेश चंद, दिनेश चंद, गौरव, साकेत, सौरभ के अलावा पूरनमल दिवाकर, मुकेश राजावत, वैभव मिश्रा, वीर सिंह यादव, राकेश यादव, योगेंद्र चौहान मौजूद रहे।