चकरनगर। मानपुर गांव के एक पुजारी का शव मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक मंदिर में फंदे से लटका मिला। सीमा विवाद के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। परिजनों ने यमुना किनारे शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
चकरनगर के मानपुरा गांव निवासी अजय मिश्रा (32) भिंड के डूबगपुुरा स्थित मंदिर में पुजारी थे। ये मंदिर चकरनगर और भिंड की सीमा पर है। बुधवार सुबह ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो अजय का शव कपड़े के सहारे घंटे से लटका देखा। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस और मृतक के भाइयों मनोज मिश्रा व शिव प्रकाश मिश्रा को दी। दोनों भाई अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और चकरनगर पुलिस को सूचना दी।
चकरनगर पुलिस और भिंड पुलिस ने सीमा विवाद के कारण शव कब्जे में नहीं लिया।
परिजन तीन घंटे तक पुलिस से पोस्टमार्टम कराने के लिए गुहार लगाते रहे। सुनवाई न होने पर परिजन शव लेकर मानपुरा गांव आ गए और बुधवार शाम यमुना नदी किनारे अंतिम संस्कार कर दिया। भाई मनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि अजय की हत्या कर आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया है।