फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etawah News: भाव गिरने से कोल्ड स्टोरेज में आलू रखवा रहे किसान

Thu, 02 Mar 2023 12:25 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
जसवंतनगर। बंपर पैदावार होने से आलू के भाव गिरने के कारण किसान अब कोल्ड स्टोरेज में आलू रखवाने में जुट गए हैं। उनका कहना है कि जब भाव ठीक होंगे तभी वह उपज बेचेंगे। फिलहाल कोल्ड स्टोरेज में जगह मिलना मुश्किल हो रहा है। कई कोल्ड स्टोरेज में तो एडवांस बुकिंग तक की जा रही है।
विज्ञापन

पिछले कुछ दिनों से आलू के भाव छह-सात रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। जनवरी की शुरुआत में 700-800 रुपये प्रति पैकेट बिकने वाला आलू अब 150 से 200 रुपये पैकेट पर आ गया है।
जसवंतनगर और सैफई में 30 से ज्यादा कोल्ड स्टोरेज हैं। इनमें करीब 80 से 90 लाख पैकेट आलू रखा जा सकता है। पिछले सीजन में सभी कोल्ड स्टोरेज फुल हो गए थे। इस बार ज्यादा पैदावार होने से कोल्ड स्टोरेज अभी से फुल होने लगे हैं। किसानों का कहना है कि जिले में आलू की सरकारी खरीद का कोई प्रबंध न होने से यह सस्ता बिक रहा है। कोल्ड स्टोरेज अगर फुल हो गए तो किसानों को खेतों में ही आलू छोड़ना पड़ेगा क्योंकि बाजार में भाव काफी कम हैं।
विज्ञापन

आलू उत्पादक किसान हरी सिंह शाक्य ने बताया कि उसके खेतों में पिछले वर्ष 3797 किस्म का आलू एक बीघा में 50 पैकेट निकला था। इस बार 60 पैकेट निकल रहे हैं। हाइब्रिड किस्म का आलू 90 पैकेट तक निकल रहा है। अच्छा मौसम होने के कारण पैदावार बढ़ी है। बीच में बारिश होने से आलू की खोदाई लेट जरूर हुई है। कई कोल्ड स्टोरेज में आलू भरे ट्रैक्टरों की लाइनें दिख रही हैं।

आलू पर सरकार की कोई नीति नहीं : मुकुट सिंह

इटावा। आलू पर सरकार की कोई नीति नहीं है। इस वजह से आलू किसान बर्बाद हो रहे हैं। यह आरोप किसान सभा के प्रदेश महामंत्री मुकुट सिंह ने लगाया। बुधवार को किसान सभा ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य लागत का डेढ़ गुना यानी 1600 रुपये क्विंटल करने, सरकारी खरीद कोल्ड स्टोरेज का किराया नियंत्रित करने, बाहर की मंडियों में भेजने के लिए भाड़ा में 50 फीसदी छूट, बिजली दरों में प्रस्तावित दरें वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान किसान सभा के प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं जिलामंत्री संतोष शाक्य, नाथूराम यादव, अमर सिंह शाक्य, संतोष राजपूत शामिल रहे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें