इटावा। यातायात पुलिस में तैनात एक दरोगा ने मंगलवार को अपने प्रभारी पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया था। दरोगा की एक माह के लिए फतेहगढ़ में ड्यूटी लगाई गई थी। दरोगा ने ड्यूटी पर जाने से पहले प्रभारी से एक दिन की छुट्टी मांगी थी। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने दरोगा की फतेहगढ़ की ड्यूटी को निरस्त कर दी है। जिले में ही उसकी ड्यूटी लगाने का आदेश जारी किया है।
एसआई राम कृष्ण चौहान की ड्यूटी अग्निपथ की रैली को देखते हुए एक माह के लिए फतेहगढ़ में लगाई थी। एसआई ने बीमार पत्नी को कानपुर में डॉक्टर के पास दिखाने जाने के लिए प्रभारी से एक दिन की छट्टी मांगी थी। इस पर दोनों का विवाद हो गया था।
एसआई ने आरोप लगाया था कि प्रभारी ने अभद्रता करते हुए गला दबाकर थप्पड़ मार दिया था। शिकायत पर जांच सीओ सिटी अमित कुमार सिंह को सौंपी गई थी। बुधवार को एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देश के बाद एसआई की फतेहगढ़ की ड्यूटी निरस्त कर एसआई राकेश बाजपेई को फतेहगढ़ भेजा है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि दो माह पहले प्रभारी राज कुमार शर्मा का कानपुर स्थानांतरण हो चुका है। इसके बाद भी वे तैनाती लेने कानपुर नहीं गए हैं। इटावा में ही ड्यूटी कर रहे हैं।