इटावा। मुगलपुरा गांव में किसान की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों के करीब पहुंच गई है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा कर सकती है।
चौबिया थाना क्षेत्र के मुगलपुरा गांव में निर्माणाधीन मकान के बाहर झोपड़ी में सो रहे लियाकत हुसैन (58) का शव 24 जनवरी की सुबह चारपाई पर खून से लथपथ मिला था। घटना के बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की थी। झोपड़ी में देसी शराब की खाली बोतल मिली थी। जबकि परिजनों के मुताबिक किसान लियाकत हुसैन शराब नहीं पीते थे। फोरेंसिक टीम शराब की बोतल व गिलास को जांच के लिए कानपुर ले गई थी। झोपड़ी से फोरेंसिक टीम ने और भी साक्ष्य जुटाए थे। जिनके नमूनों से पुलिस आरोपियों के करीब पहुंच गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (संवाद)