पांच दिन बाद घर लौटा युवक, थाने में परिजनों दर्ज कराई थी गुमशुदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। बीमार पिता को देखकर जयपुर में नौकरी पर जा रहा युवक जहर खुरानी का शिकार हो गया। उसी रात युवक के पिता का देहांत हो जाने पर युवक को जानकारी नहीं हो पाई, और वह अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल भी नहीं हो सका। युवक से कोई संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। युवक को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जयपुर पहुंचने पर उसको पिता की मौत की जानकारी होने पर वह पांच दिन बाद घर वापस पहुंचा।
युवक प्रदीप कुमार शाक्य (25) पुत्र मेघ सिंह शाक्य बीती 24 जुलाई से ही लापता था, और उसके जयपुर न पहुंचने पर घरवाले परेशान हो गए थे। उन्होंने उसके लापता होने की सूचना जसवंतनगर थाने में दी थी। शनिवार शाम अपने घर लुधपुरा पहुंचे प्रदीप ने बताया है कि 24 जुलाई को जब वह जयपुर के लिए रवाना हुआ था, तो रास्ते में आगरा से आगे कुछ लोगों ने उसे समोसे खिलाकर जहर खुरानी का शिकार बना लिया था।
बाद में वह आगरा के एक आगे अस्पताल में बेहोशी की हालत में दो दिन तक इलाज के लिए भर्ती रहा, और जब जयपुर पहुंचा तो वहां पता चला कि उसके पिता की मौत हो गई है और उसका अता पता नहीं था। वह शनिवार सुबह जयपुर से सीधा अपने गांव आ गया।
प्रदीप जयपुर में किसी कंपनी में ठेकेदार के अधीन मॉड्यूलर किचन बनाने का काम करता है। अपने बीमार पिता को देखने 21 जुलाई को घर आया था, और तीन दिन रहने के बाद 24 जुलाई की दोपहर जयपुर के लिए रवाना हुआ था। युवक का फोन जब वह जसवंतनगर आ रहा था, तभी रास्ते में कहीं गुम हो गया था।
24 जुलाई को युवक दोपहर में जसवंतनगर से जयपुर रवाना हुआ था और उसी दिन देर रात देर उसके पिता मेघ सिंह शाक्य का देहांत हो गया था। अंतिम संस्कार में वह भाग नहीं ले सका था। अब युवक के घर लौट आने से परिजनों को शांति मिली है। उन्होंने थाना पुलिस को प्रदीप के सकुशल लौट आने की सूचना दे दी है।