इकदिल। जहरखुरान रुपये व मोबाइल लूटकर बिरारी गांव के पास हाईवे पर कंटेनर में कंटेनर चालक को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। कंटेनर से डीजल भी निकाल लिया गया। जानकारी पर पहुंचे चालक के भाई ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कानपुर देहात के मंगलपुर पोस्ट लगरथा गाव निवासी रविंद्र पुत्र हरिश्चंद्र गुरुग्राम से बंगाल के लिए कंटेनर में हीरो मोटोकॉर्प की बाइक लादकर शुक्रवार शाम निकला था। रास्ते में उसने पांच सवारियों को औरैया के लिए बैठाया था। 11 बजे रात करीब मथुरा में एक ढाबे पर चाय पीने के लिए रुका ओर जिसमें एक सवारी ने उसे चाय पीने को दी। चाय पीने के कुछ देर बाद बेहोश हो गया। रविवार को चालक के छोटे भाई पप्पू को कंपनी से फोन करबताया गया कि कंटेनर में लगे जीपीएस से पता चला कि बिरारी ओवरब्रिज के पास कई घंटों से एक ही जगह पर दिखाई दे रहा है। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसका भाई कंटेनर में बेहोशी हालत में पड़ा था और उसकी जेब से करीब पांच हजार रुपये, मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड व गाड़ी में डीजल भी नहीं मिला। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।