इटावा। जिला अस्पताल में कुछ मरीजों का एक्सरे करने के बाद मशीन का दम फूल गया। ऐसे में अधिकांश मरीज बिना एक्सरे के ही लौटे। कई को बाहर से कराना पड़ा।
बदलते मौसम के बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में भी शुक्रवार को 1220 मरीज दिखाने के लिए पहुंचे। इनमें से करीब 120 मरीज एक्सरे कराना चाहते थे, लेकिन सुबह करीब 11 बजे कुछ मरीजों का एक्सरे करने के बाद ही मशीन खराब हो गई। ऐसे में करीब 100 मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा। कई ने तो जरूरी होने पर बाहर बने निजी सेंटरों पर एक्सरे कराकर इलाज पाया। वहीं, अधिकांश मरीज लौट गए।
सीएमएस डॉ. एमएम आर्या ने बताया कि एक्सरे मशीन में शुक्रवार को चलते-चलते अचानक बंद होने की जानकारी स्टाफ से मिली थी। मशीन को ठीक कराने के लिए संबंधित कंपनी को सूचित कर दिया गया है। शनिवार को कंपनी के टेक्नीशियन मशीन की जांच करने के बाद सही करेंगे।